Thursday, 4 February 2016

सदा सुहागिन मनु रहे, जोड़ी रहें प्रसन्न-

बेटी दामाद के साथ हम दोनों 
कुण्डलियाँ छंद 

अभिभावक अभिभूत हैं, व्याह हुआ संपन्न । 
सदा सुहागिन मनु रहे,  जोड़ी रहें प्रसन्न। 
जोड़ी रहें प्रसन्न, दुलारी बिटिया रानी।
 करते कन्यादान, नहीं फिर भी बेगानी । 
पूरे फेरे सात, प्रज्वलित पावन पावक। 
रखो वचन कुल याद , राम तेरे अभिभावक।।

दोहे 
साहस संयम शिष्टता, अनुकम्पा औदार्य |
मितव्ययी निर्बोधता, न्याय-पूर्ण सद्कार्य ||

क्षमाशीलता सादगी, सहिष्णुता गंभीर |
सच्चाई प्रफुल्लता, निष्कपटी मन धीर ||

शुद्धि स्वस्ति मेधा रहे, हो चारित्रिक ऐक्य |
दानशीलता आस्तिक, अग्र-विचारी शैक्य ||

सात वचन 

पहले फेरे के वचन,  पालन-पोषण खाद्य |
संगच्छध्वम बोलते, बाजे मंगल वाद्य ||

ऋद्धि सिद्धि समृद्धि हो, त्रि-आयामी स्वास्थ |
भौतिक तन अध्यात्म मन, मिले मानसिक आथ ||

धन-दौलत या शक्ति हो, ख़ुशी मिले या दर्द |
भोगे मिलकर संग में, दोनों औरत-मर्द ||

इक दूजे का नित करें, आदर प्रति-सम्मान |
परिवारों के प्रति रहे, इज्जत एक समान ||

सुन्दर योग्य बलिष्ठ हो, अपने सब संतान |
कहें पाँचवा वचन सुन, बुद्धिमान इंसान ||

शान्ति-दीर्घ जीवन मिले, भूलें नहिं परमार्थ  |
सिद्ध सदा करते रहें, इक दूजे के स्वार्थ ||

रहे भरोसा परस्पर, समझदार-साहचर्य |
प्रेमपुजारी बन रहें, बने रहें आदर्य ||

Wednesday, 3 February 2016

चिंता उसी प्रकार, चुटकुला जैसे सुनते-

सुनते जब नव चुटकुला, हँसते हम तत्काल । 
किन्तु दुबारा क्यूँ  हंसें,  हुआ पुराना माल । 

हुआ पुराना माल, मगर चिंता जब आती। 
बिगड़ जाय सुरताल, हमें सौ बार रुलाती। 

भिन्न भिन्न व्यवहार, नहीं रविकर यूँ चुनते।
चिंता उसी प्रकार, चुटकुला जैसे सुनते।।

Tuesday, 2 February 2016

रविकर के दोहे :पढ़ो वेदना वेद ना, कम कर दो परिमाण

(१)
पढ़ो वेदना वेद ना, कम कर दो परिमाण |
रविकर तू परहित रहित, फिर कैसे निर्वाण ||

(२)
मुश्किल मे उम्मीद का, जो दामन ले थाम |
जाये वह जल्दी उबर, हो बढ़िया परिणाम ||

(३)
छलिया तूने हाथ में, खींची कई लकीर |
मैं भोला समझा किया, इनमे ही तक़दीर ||

(४)
करे बुराई विविधि-विधि, जब कोई शैतान |
चढ़ी महत्ता आपकी, उसके सिर पहचान ||

(५)
बंधी रहे उम्मीद तो, कठिन-समय भी पार |
सब अच्छा होगा जपो, यही जीवनाधार ||

(६)
नहीं सफाई दो कहीं, यही मित्र की चाह |
शत्रु करे शंका सदा, क्या करना परवाह ||

(७)
गलती होने पर करो, दिल से पश्चाताप |
हो हल्ला हरगिज नहीं, हरगिज नहीं प्रलाप ||



Sunday, 31 January 2016

छूट जाते जब अधूरे, साक्ष्य से शैतान तो-

देवदारों ने नहीं अब तक, भला कुछ भी किया  
आम-इमली ही भले हैं, क्यों चढ़े हो चीड़ पे । 

गलतियों से जो नहीं, कुछ सीख पाये आजतक 
आज ऐसे ज्ञानियों की, क्या जरुरत नीड़ पे |

हर तरफ संगीत की दीवानगी है शोर है 
मंडली लेकिन नई फंसती दिखे हर मीड़ पे ।  

छूट जाते जब अधूरे, साक्ष्य से शैतान तो 
छोड़ देना चाहिए तब फैसला उस भीड़ पे । 





Saturday, 30 January 2016

पी लेते दो घूँट, नशा छोड़ा ना जाये

आर्थिक-तंगी की वजह, गई पढाई छूट |
आर्थिक तंगी की वजह, पी लेते दो घूँट | 

पी लेते दो घूँट, नशा छोड़ा ना जाये |
देते रोज उड़ाय, कमाकर जो भी लाये |

बड़ी बुरी तस्वीर, आइना देखे नंगी |
रहा नशा नहिं छूट, वाह री आर्थिक तंगी ||

Thursday, 28 January 2016

हो हल्ला हरगिज नहीं, हरगिज नहीं प्रलाप-


 
गलती होने पर करो, दिल से पश्चाताप |हो हल्ला हरगिज नहीं, हरगिज नहीं प्रलाप |

हरगिज नहीं प्रलाप, हवाला किसका दोगे |जौ-जौ आगर विश्व, हँसी का पात्र बनोगे |

ऊर्जा-शक्ति सँभाल, नहीं दुनिया यूँ चलती |तू-तड़ाक बढ़ जाय, जीभ फिर जहर उगलती ||

Wednesday, 27 January 2016

अजब गजब विश्वास, बदल लेता झट खेमें


इक झटके में टूटता, जमा हुआ विश्वास।
जिसे बनाने में हमें, लगे अनगिनत मास।

लगे अनगिनत मास, बड़ी मुश्किल से साधा।
अब तक रखा सँभाल, दूर करके हर बाधा।

अजब गजब विश्वास, बदल लेता झट खेमें।
रविकर हुआ उदास, तोड़ता इक झटके में ||